स्कैन स्टील समूह के संस्थापक सांवरमल गाड़ोदिया को पत्नी वियोग: 81 वर्ष की उम्र में सरस्वती देवी का निधन, राजगांगपुर में शोक की लहर
ओडिशा के प्रतिष्ठित औद्योगिक घराने स्कैन स्टील ग्रुप ऑफ कंपनीज के संस्थापक श्री सांवरमल गाड़ोदिया की धर्मपत्नी श्रीमती सरस्वती देवी का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और राउरकेला के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार जारी था, जहां शनिवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजगांगपुर सहित पूरे औद्योगिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
धार्मिक एवं परोपकारी स्वभाव की थीं धनी:
श्रीमती सरस्वती देवी एक अत्यंत धर्मपरायण, सरल और समाजसेवी महिला थीं। शिक्षा के विस्तार में उनकी गहरी रुचि थी। हाल ही में उन्होंने अपने करकमलों से 'विकास गाड़ोदिया ग्लोबल स्कूल' का विधिवत उद्घाटन कर इसे राजगांगपुर और आसपास के ग्रामीण अंचलों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित किया था। उनके निधन को स्थानीय समाज और प्रबुद्ध जनों ने अपूरणीय क्षति बताया है।
गाड़ोदिया मेंशन से निकली अंतिम यात्रा, शहरवासियों ने दी श्रद्धांजलि:
रविवार सुबह 10:30 बजे उनके निवास स्थान 'गाड़ोदिया मेंशन' से अंतिम यात्रा निकाली गई। पार्थिव शरीर के नगर परिक्रमा के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासियों और शुभचिंतकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बांटूपड़ा में सनातन रीति-रिवाज से संपन्न हुआ अंतिम संस्कार:
अंतिम यात्रा के बाद बांटूपड़ा स्थित उनके निजी भूखंड में सनातन वैदिक रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। ज्येष्ठ पुत्र श्री संजय गाड़ोदिया ने मुखाग्नि दी। इस दौरान मझले पुत्र निमिष गाड़ोदिया, कनिष्ठ पुत्र राजेश गाड़ोदिया, शोकाकुल परिजन, स्कैन स्टील व उसकी सहयोगी कंपनियों के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।



0 Comments