![]() |
ओडिशा बंद: राजगांगपुर की सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता, विधायक राजन एक्का की अगुवाई में चक्का जाम; साप्ताहिक बाजार पर पड़ा सीधा असर
राजगांगपुर (सुंदरगढ़)
एमएमडीआर संशोधन विधेयक और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में विपक्षी दलों द्वारा बुलाए गए 'ओडिशा बंद' की गूंज औद्योगिक शहर राजगांगपुर में साफ सुनाई दी। स्थानीय विधायक डॉ. सीएस राजन एक्का की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अहले सुबह ही मोर्चा संभालते हुए प्रमुख मार्गों को अवरुद्ध कर दिया। बंद के चलते शहर की रफ्तार सुस्त पड़ गई और लंबी दूरी की गाड़ियों समेत स्थानीय परिवहन पर कड़ा असर पड़ा।
गुरुवार की साप्ताहिक हाट पर चोट, किसानों और दुकानदारों को भारी नुकसान:
गुरुवार को लगने वाले राजगांगपुर के पारंपरिक साप्ताहिक बाजार पर बंद का गहरा असर देखने को मिला। आसपास के ग्रामीण अंचलों से ताजी सब्जियां और अनाज बेचने आने वाले किसानों को सार्वजनिक वाहन न मिलने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। समय पर साधन न मिलने से कई विक्रेता हाट तक पहुंच ही नहीं सके, जिससे दिनभर का कारोबार प्रभावित रहा।
शहर के प्रमुख एंट्री पॉइंट जाम, इमरजेंसी सेवाओं को दी गई प्राथमिकता:
कार्यकर्ताओं ने शहर के मुख्य चौराहों और जोड़ने वाली सड़कों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी। हालांकि, आंदोलनकारियों ने एम्बुलेंस, दमकल, स्कूली वाहनों और जरूरी दूध-पानी की सप्लाई को पूरी छूट दी। अन्य निजी और व्यावसायिक गाड़ियों के रोके जाने से यात्रियों को धूप और उमस के बीच काफी इंतजार करना पड़ा।
सड़क से सदन तक लड़ाई का ऐलान:
प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि एवं टाउन अध्यक्ष देवरंजन विनोद, पीसीसी सदस्य सुरेश बारीक, महिला नेत्री सुस्मिता तिरू, सुंदरगढ़ युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आसिफ राजा और टाउन युवा अध्यक्ष सुधीर तांती समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने दो-टूक कहा कि जनविरोधी नीतियों और आम लोगों के हक की आवाज दबाने नहीं दी जाएगी और यह विरोध आगे भी जारी रहेगा।



0 Comments