ओडिशा में नशे के बड़े नेटवर्क पर प्रहार: 45 लाख की ब्राउन शुगर के साथ महिला समेत 6 तस्कर गिरफ्तार, कार और हथियार जब्त
विशेष संवाददाता
जयपुर (कोरापुट): ओडिशा सरकार के 'नशामुक्त ओडिशा' अभियान के तहत जयपुर टाउन थाना पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने कैनाल रोड के पास गुप्त घेराबंदी कर एक महिला सहित 6 अंतर-जिला ड्रग तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया। इनके कब्जे से 403.2 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत ₹45 लाख से अधिक आंकी गई है।
सुंदरगढ़ में शिक्षक पदोन्नति पर बवाल: ग्रेडेशन सूची में नियमों की अनदेखी, CCR पर वसूली के आरोप
आधी रात को कैनाल रोड पर बिछाया जाल: रविवार को जयपुर टाउन थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ अर्चिता मित्तल ने बताया कि शनिवार देर रात गश्ती टीम को कैनाल रोड के पास ब्राउन शुगर की बड़ी खेप की डिलीवरी की खुफिया सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर घात लगाकर निगरानी शुरू की। दो स्थानीय युवक पहले से वहां मौजूद थे, तभी सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिजायर कार आकर रुकी। पुलिस ने अचनाक चारों तरफ से दबिश देकर 6 आरोपियों को धर दबोचा, जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
3,700 पुड़िया, कार और धारदार हथियार जब्त: तलाशी के दौरान कार से 3,700 छोटी पुड़िया और 10-10 ग्राम के 11 पैकेट बरामद किए गए। कुल 403.2 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्करों के पास से मारुति डिजायर कार, ₹20,000 नकद, 8 स्मार्टफोन, एक भुजली और एक तेजधार चाकू जब्त किया गया है। हथियार साथ रखने के एंगल से भी पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।
खोर्धा और नयागढ़ से जुड़ा था नेटवर्क: प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे की यह बड़ी खेप खोर्धा और नयागढ़ जिलों से जयपुर लाई गई थी। पकड़े गए तस्करों में खोर्धा के तीन, कोरापुट के दो और नयागढ़ की एक महिला शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम छत्रिया (जयपुर), प्रकाश कुमार छुआलसिंह (बेगुनिया, खोर्धा), शेख अली (बोलगढ़, खोर्धा), आलोक चेट्टी (कोरापुट), सत्यप्रिय पटनायक (बेगुनिया, खोर्धा) और सरोजिनी बराड़ (नयागढ़) के रूप में हुई है।
पुराने संगीन मामलों में शामिल हैं आरोपी: पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए कई आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अलावा हत्या, डकैती और लूट जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वाणिज्यिक मात्रा (Commercial Quantity) होने के कारण एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C)/29 के तहत केस संख्या 378/26 दर्ज कर सभी आरोपियों को जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में टाउन थाना प्रभारी उल्लास चंद्र राउत और जांच अधिकारी एसआई सिद्धांत बेहरा शामिल रहे।


0 Comments